Tuesday , May 19 2026

पूज्य स्वामी रामभद्राचार्य के श्रीमुख से बहेगी रामकथा की अमृतधारा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्सव द्वारा आयोजित 01 से 09 जून 2026 तक होने वाली नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा की तैयारियों को लेकर सेवा अस्पताल परिसर, सीतापुर रोड स्थित आयोजन स्थल पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कथा प्रतिदिन सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित होगी। कथा व्यास पद्म विभूषण, तुलसी पीठाधीश्वर, पूज्यपाद जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज जी का सानिध्य आशीर्वाद मिलेगा। बैठक में कथा आयोजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए लगभग 30 हजार वर्गफीट का विशाल पंडाल तैयार कराया जा रहा है, जिससे भक्तजन सहजता एवं श्रद्धा भाव से कथा श्रवण कर सकें। कथा स्थल पर बैठने, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम में उत्सव संरक्षक विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि कथा व्यास पद्म विभूषण, तुलसी पीठाधीश्वर, पूज्यपाद जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन एवं मंदिर निर्माण के आध्यात्मिक एवं वैचारिक स्तंभों में प्रमुख भूमिका निभाने वाले संतों में से एक हैं। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि विषय पर ऐतिहासिक साक्ष्य एवं सनातन परंपरा के पक्ष को देशभर में मजबूती से प्रस्तुत किया। उनके श्रीमुख से होने वाली श्रीराम कथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इस आध्यात्मिक आयोजन में सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर कैबिनेट मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार यह कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक समरसता का भी केंद्र बनेगी।

कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, राष्ट्रधर्म एवं मानव मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा। आयोजन स्थल को भव्य धार्मिक स्वरूप दिया जाएगा तथा प्रतिदिन भजन, आरती एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी।

भक्तों के लिए कथा श्रवण हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पुण्य अवसर का लाभ प्राप्त कर सकें। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

बैठक में भारत भूषण गुप्ता, राकेश पाण्डेय, रवि तिवारी, गिरजाशंकर अग्रवाल, पंकज बोरा, रूपेश अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, पंकज मिश्र, धीम अग्रवाल, श्याम जी अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, उपस्थित रहें।