Tuesday , May 19 2026

फैजुल्लागंज में अघोषित बिजली कटौती पर विधायक डा. नीरज बोरा सख्त, दिए ये निर्देश

अधिकारियों को तलब कर लगाई फटकार, दिए तत्काल सुधार के निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भीषण गर्मी के बीच आसमान से बरस रही आग ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। ऐसे में अघोषित बिजली कटौती ने आमजन की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। राजधानी के लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फैजुल्लागंज इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार बिजली संकट बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने मंगलवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों को तलब किया। उन्होंने अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता के साथ बैठक कर नाराजगी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. बोरा ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली कटौती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

उत्तरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कृष्ण लोक कॉलोनी, प्रीति नगर, श्याम विहार कॉलोनी सहित फैजुल्लागंज के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती से स्थानीय नागरिकों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक डा. नीरज बोरा ने पूरे प्रकरण पर ऊर्जा मंत्री, पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष तथा मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का ध्यान आकृष्ट कराया।

मंगलवार दोपहर विधायक डा. बोरा ने संबंधित अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी में आमजन को इस प्रकार की अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता आंदोलित है, इसलिए लोगों को यह विश्वास दिलाया जाए कि विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से संचालित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में विद्युत चोरी की जांच-पड़ताल कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, क्योंकि ऐसी गतिविधियों के कारण भोली-भाली जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।

विभागीय अधिकारियों ने विधायक को बताया कि गर्मी के मौसम में अचानक बढ़ी विद्युत मांग के कारण कुछ तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि विद्युत आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने हेतु विभागीय कर्मचारी एवं तकनीकी टीम पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है तथा शीघ्र ही व्यवस्था पूरी तरह सुचारु कर दी जाएगी।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियन्ता मनोज कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता पंकज गुप्ता आदि उपस्थित रहे।