लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी, अलीगंज में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2026 बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया तथा पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में 800 से अधिक विद्यार्थियों एवं आगंतुकों ने सहभागिता की।

नई 3डी फिल्म एलियंस एमंग दा स्टार्स का उद्घाटन मुख्य अतिथि पद्म श्री डॉ. अनिल रस्तोगी (फिल्म अभिनेता एवं पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक CSRI-CDRI) ने किया। कार्यक्रम में डॉ. वीपी सिंह (अध्यक्ष, भारतीय विज्ञान संचार समिति) बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों एवं आगंतुकों के लिए आयोजित रोचक “एग्ज़िबिट हंट प्रतियोगिता” से हुई। डॉ. अनिल रस्तोगी ने विद्यार्थियों के साथ नई 3डी फिल्म का अवलोकन एवं आनंद भी लिया।

अपने संबोधन में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की थीम “एक विभाजित दुनिया को एकजुट करते संग्रहालय” पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए।


कार्यक्रम के दौरान स्वरूप मंडल (केन्द्र प्रमुख, आंचलिक विज्ञान नगरी) ने सभी को आंचलिक विज्ञान नगरी आकर नई 3डी फिल्म सहित अन्य विज्ञान प्रदर्शनों एवं आकर्षणों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने आगंतुकों एवं विद्यार्थियों को केन्द्र में आयोजित होने वाले आगामी समर वेकेशन हॉबी कैंप के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal