लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला लखनऊ की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान हासिल करने वाले बाल निकुंज स्कूल एंड कॉलेजेज के 10 मेधावियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में आयोजित किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित डॉ. मुकेश कुमार सिंह (डिप्टी डायरेक्टर समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश) ने सभी मेधावियों को ₹5100 का चेक, साईकिल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित छात्रों में हाई स्कूल के 7 तथा इंटरमीडिएट के 3 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

हाई स्कूल वर्ग में दिव्या पाल ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर तीसरी रैंक हासिल की। वहीं यश वर्मा ने 94.83 प्रतिशत के साथ छठी, दिव्यांश तिवारी ने 94.33 प्रतिशत के साथ सातवीं, वंशिका शर्मा एवं जानवी वर्मा ने 93.83 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से नौवीं तथा वर्तिका श्रीवास्तव एवं शिवम श्रीवास्तव ने 93.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दसवीं रैंक प्राप्त की।

इंटरमीडिएट वर्ग में आकांक्षा ने 89.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आठवीं रैंक हासिल की, जबकि विभा पाल एवं अंशिका ने 89.60 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से नौवीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया।

मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति सजग और अनुशासित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शांत मन और एकाग्रचित होकर अध्ययन करने से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत का कोई विकल्प न होने की बात बताते हुए समय के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि परिश्रमी व्यक्ति वही होता है जो समय के साथ चलना सीखता है और अवसरों का सही उपयोग करता है।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी, डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला, रश्मि शुक्ला, उपप्रधानाचार्या अनीता मौर्या, सीनियर इंचार्ज एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal