शिक्षा, संस्कार और संवाद के संग नए सत्र की हुई शानदार शुरुआत

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। माण्टफोर्ट इण्टर कॉलेज महानगर के सभागार में शनिवार को नए शैक्षणिक सत्र के स्वागत के लिए ‘ओरिएंटीन कार्यक्रम और सांस्कृतिक कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा प्रार्थना गीत के साथ हुई। विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर जीनू अब्राहम ने अपने स्वागत भाषण में नए छात्रों और अभिभावकों का अभिनंदन किया तथा एकजुट होकर बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया व विद्यालय के दृष्टिकोण और मूल्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘द इन-बिटवीनर्स’ नाटक था। नाटक के माध्यम से बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलावों और उनके समाधानों को दर्शाया गया। नाटक में दिखाया गया कि कैसे उम्र बढ़ने के साथ बच्चे गुमसुम रहने लगते हैं, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करते हैं या माता-पिता से दूर होकर दोस्तों और मोबाइल में व्यस्त हो जाते हैं। नाटक ने संदेश दिया कि अभिभावकों को बच्चों पर चिल्लाने के बजाय उनकी बातों को ध्यान से सुनना चाहिए। उन्हें ‘आदेश’ देने के बजाय ‘विकल्प’ देने चाहिए और उनके साथ मित्रवत व्यवहार करना चाहिए।’

मल्टीमीडिया प्रेजेंटेशन’ के जरिए स्कूल की सुविधाओं व गतिविधियों को दिखाया गया। विद्यालय की समन्वयिका बिन्दू पिल्लई द्वारा संस्थान के नियमों, अनुशासन और आगामी गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई ताकि नए छात्र यहाँ के वातावरण के साथ आसानी से सामंजस्य बिठा सकें। ‘वाद्य संगीत’ तथा नृत्य ने कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों के बीच की दूरी कम करने के लिए कई खेलों का आयोजन किया गया। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। छात्रों के कठिन परिश्रम की सराहना की गई और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के प्रति संवेदनशील रहें और उनके साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताएं।