लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तर प्रदेश (पीएमएस संघ) की केंद्रीय कार्यकारिणी चुनाव 2026-27 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश के महानिदेशक कार्यालय की ओर से आदेश जारी करते हुए बीते 11 मई को राज्य निर्वाचन समिति का गठन कर दिया गया था। वहीं राज्य निर्वाचन समिति ने चुनाव कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा जारी आदेश के अनुसार पीएमएस एसोसिएशन के चुनाव को संस्था के अनुमोदित चुनावी नियमों एवं उपविधियों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए पांच सदस्यीय राज्य निर्वाचन समिति गठित की गई है। समिति के सचिव डॉ. गयासुद्दीन खान बनाए गए हैं। अन्य सदस्यों में डॉ. विकार सिंघल, डॉ. अरुण, डॉ. मनीष शुक्ला तथा डॉ. विकास यादव शामिल हैं। समिति को प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में एक साथ चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य निर्वाचन समिति के सचिव डॉ. गयासुद्दीन खान द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय निर्वाचन वर्ष 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया 25 मई से 28 मई 2026 तक पीएमएस भवन, महानगर लखनऊ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 29 मई को दोपहर 1 बजे से होगी।
इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया 30 मई से 1 जून 2026 तक सुबह 11 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक संपन्न होगी। मतदान 22 जून 2026, सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदेश की प्रत्येक जनपद शाखा में एक साथ कराया जाएगा।
चुनाव परिणामों का संकलन 26 जून 2026 को दोपहर 1 बजे तक पीएमएस भवन सभागार, लखनऊ में किया जाएगा। इसके बाद मतगणना भी उसी दिन दोपहर 1 बजे के बाद शुरू होगी तथा परिणामों की औपचारिक घोषणा 26 जून 2026 को ही की जाएगी। पीएमएस संघ के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद प्रदेशभर के चिकित्सकों में चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में विभिन्न पदों के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ेगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal