₹1817.97 लाख की लागत से नहर रोड का होगा चौड़ीकरण, लोगों को मिलेगी राहत

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर के जानकीपुरम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा जानकीपुरम स्थित कुर्सी रोड से शुक्ला चौराहे की ओर जाने वाले नहर रोड मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भव्य भूमिपूजन संपन्न हुआ। करीब ₹1817.97 लाख की लागत से बनने वाली यह परियोजना क्षेत्रवासियों को जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से राहत दिलाने में सहायक होगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह और विशिष्ट अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा उपस्थित रहे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। जानकीपुरम और आसपास के इलाकों में बढ़ती आबादी तथा वाहनों के दबाव को देखते हुए यह परियोजना लंबे समय से आवश्यक मानी जा रही थी।

नीरज सिंह ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ‘समृद्ध लखनऊ’ हमारा संकल्प है। जानकीपुरम की यह नहर रोड इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। ₹18 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाला यह चौड़ीकरण न केवल जाम की समस्या को खत्म करेगा, बल्कि व्यापार और स्थानीय कनेक्टिविटी को भी नई गति देगा। यह परियोजना दर्शाती है कि हमारी सरकार ‘विकास की नई राह’ पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। 

विधायक डा. नीरज बोरा ने स्थानीय निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ था, हो रहा है और भविष्य में भी अनवरत होता रहेगा। कुर्सी रोड से शुक्ला चौराहे तक के इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से थी। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से आज यह कार्य धरातल पर उतर रहा है। इस मार्ग के चौड़े होने से जानकीपुरम के विभिन्न सेक्टरों के लोगों को आवाजाही में समय की बचत होगी और क्षेत्र का आर्थिक परिदृश्य बदलेगा। हम गुणवत्तापूर्ण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।

इस मौके पर पार्षद निशा तिवारी, राजकुमारी मौर्या, दीपक लोधी, मान सिंह यादव, रंजीत सिंह, राघवराम तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, सुदर्शन कटियार, अंकुश बाजपेई के अलावा विवेक तोमर, सतीश वर्मा, संजय तिवारी, राकेश पाण्डेय, श्रवण मौर्या, गौरव तिवारी, अक्षय मिश्रा, धनराज मिश्रा, विवेक शर्मा, दीपू रावत, हर्षिका जायसवाल, विनय कृष्ण पाण्डेय, प्रवीण मिश्रा, सौरभ त्रिवेदी, रामानुज तिवारी, संजीव तिवारी, आशुतोष सिंह, केके पाठक, पीयूष सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। लोगों ने परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।