फीफा विश्व कप 2030 तक ब्राज़ील टीम के कोच बने रहेंगे कार्लो एंसेलोटी

नई दिल्ली : ब्राज़ील फुटबॉल महासंघ (सीबीएफ) ने गुरुवार को पुष्टि की है कि मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने ब्राज़ील राष्ट्रीय टीम के साथ अपना अनुबंध 2030 फीफा विश्व कप तक बढ़ा लिया है। नया अनुबंध अगले चार वर्षों तक प्रभावी रहेगा।एंसेलोटी को पिछले वर्ष मई में ब्राज़ील का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में ब्राज़ील ने 2026 फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया, जिसका आयोजन 11 जून से अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में होगा।अब तक एंसेलोटी के कार्यकाल में ब्राज़ील ने 10 मैच खेले हैं, जिनमें टीम को पांच जीत, दो ड्रॉ और तीन हार मिली हैं। उनका लक्ष्य ब्राज़ील को रिकॉर्ड छठी बार विश्व कप चैंपियन बनाना है।कार्लो एंसेलोटी ने एक आधिकारिक बयान में कहा,“मैं एक साल पहले ब्राज़ील आया था। पहले ही मिनट से मुझे समझ आ गया था कि इस देश के लिए फुटबॉल क्या मायने रखता है। पिछले एक साल से हम ब्राज़ील की राष्ट्रीय टीम को फिर से विश्व फुटबॉल के शिखर पर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन सीबीएफ और मैं इससे भी अधिक चाहते हैं — अधिक जीत, अधिक समय और अधिक मेहनत।”उन्होंने आगे कहा,“हमें यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हम अगले चार वर्षों तक साथ बने रहेंगे। हम 2030 विश्व कप तक साथ काम करेंगे। मैं सीबीएफ का उनके भरोसे के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। ब्राज़ील, आपका गर्मजोशी से स्वागत करने और इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद।”ब्राज़ील फुटबॉल महासंघ (सीबीएफ) के अध्यक्ष समीर शाउद ने कहा,“कार्लो एंसेलोटी के अनुबंध का नवीनीकरण हमारे उस संकल्प की दिशा में एक और मजबूत कदम है, जिसके तहत हम पांच बार की विश्व चैंपियन राष्ट्रीय टीम को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाना चाहते हैं। हम हर दिन इस दिशा में काम कर रहे हैं कि ब्राज़ील विश्व फुटबॉल के सर्वोच्च स्तर पर बना रहे। साथ ही हम अन्य राष्ट्रीय टीमों के विकास, सीबीएफ द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं और देशभर के क्लबों व संघों को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।”