लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में भी दुख का माहौल है।बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें लीवर और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर दिक्कतें थीं। सूत्रों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कई बार लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि इलाज के बाद वह घर लौट आते थे, लेकिन इस बार उनकी हालत ज्यादा गंभीर हो गई।इसी बीच उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव का एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है। अपर्णा यादव ने मंगलवार रात 11:27 बजे सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए पति के अंतिम संस्कार की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि “अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि पद्म विभूषण, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा। इस दुखद घड़ी में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है।”पोस्ट सामने आने के बाद बड़ी संख्या में समर्थकों, राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों ने सोशल media पर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठ धाम में पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। यादव परिवार के करीबी और राजनीतिक हस्तियां भी अंतिम संस्कार में शामिल हो सकती हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal