Wednesday , May 13 2026

RLB : CBSE 12वीं में भी शानदार प्रदर्शन, परिणाम घोषित होते ही झूम उठे मेधावी

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा/टेलीस्कोप टुडे)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को अचानक 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद स्टूडेंट्स में खुशी की लहर दौड़ गई। बिना पूर्व सूचना के जारी हुए परिणामों ने विद्यार्थियों को सरप्राइज दिया। इस वर्ष भी रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल के स्टूडेंट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और राजधानी का नाम देशभर में रोशन किया।

भीषण गर्मी और बदलते मौसम के बीच घोषित परीक्षा परिणामों में छात्रों ने शानदार अंक हासिल किए। परिणाम घोषित होते ही सेक्टर-14 इंदिरानगर शाखा में एकत्र हुए मेधावी छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता की बधाई दी और अपनी खुशी साझा की।

विद्यालय के संस्थापक जयपाल सिंह, डायरेक्टर निर्मल टंडन एवं शिक्षकों ने मेधावियों को माला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्रों ने भी अपने शिक्षकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत एवं समर्पण का परिणाम है तथा आगे भी सफलता का यह क्रम लगातार जारी रहना चाहिए।

विद्यालय की विभिन्न शाखाओं से कुल 1473 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 219 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। सेक्टर-14 विकास नगर शाखा की छात्रा अदिति मिश्रा ने 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया। इसी शाखा की ऐश्वर्या पाण्डेय ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि इरम फातिमा ने 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

सी-ब्लॉक इंदिरानगर शाखा की छात्रा अविका द्विवेदी तथा सेक्टर-14 विकास नगर शाखा की छात्रा सानवी कटियार ने संयुक्त रूप से चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं चिनहट शाखा की अंशू यादव, आस्था मिश्रा, सी-ब्लॉक इंदिरानगर की अंशिका मौर्या तथा सेक्टर-3 विकास नगर शाखा के दिव्यांशु पाण्डेय ने 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

आईएएस, चिकित्सक व इंजीनियर बनना चाहते हैं मेधावी

शानदार सफलता हासिल करने वाले विद्यालय के मेधावियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान जब भी किसी प्रकार की कठिनाई सामने आई, तब शिक्षकों ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और सहयोग किया।

मेधावियों का कहना है कि सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बिना किसी तनाव के मन लगाकर पढ़ाई करने से अच्छे परिणाम अवश्य मिलते हैं। विद्यार्थियों ने समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास को भी सफलता का प्रमुख आधार बताया।

इस बार एक खास बात यह भी देखने को मिली कि अधिकांश मेधावियों ने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग केवल जरूरत पड़ने पर ही किया, ताकि पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया जा सके। उनका मानना है कि सीमित और सही उपयोग से समय की बचत होती है तथा लक्ष्य पर फोकस बनाए रखना आसान हो जाता है।

99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में टॉप करने वाली आरएलबी सेक्टर-“14” विकासनगर शाखा की छात्रा अदिति मिश्रा चिकित्सक बनकर बेहतर चिकित्सा व्यवस्था में अपना योगदान देना चाहती है। अदिति के पिता विवेक कुमार मिश्रा निजी जॉब करते हैं और मां कुमकुम मिश्रा गृहणी हैं। 

99% अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल करने वाली सेक्टर-“14” विकास नगर शाखा की छात्रा ऐश्वर्या पाण्डेय आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा में अपना योगदान देना चाहती है। ऐश्वर्या के पिता अभय शंकर पांडेय निजी बैंककर्मी हैं और मां अंजू पांडेय गृहणी हैं।

98.4% अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करने वाली सेक्टर-“14” विकास नगर शाखा की छात्रा इरम फातिमा अपनी दादी का सपना पूरा करना चाहती है। इरम ने बताया कि बचपन से उसका सपना है कि वह चिकित्सक बने और उसकी दिवंगत दादी जबुन्न निशा भी चाहती थी वह चिकित्सक बने क्योंकि परिवार में कोई डाक्टर नहीं है। इरम के पिता इजहार अहमद और मां नसीम फातिमा लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

97.8% अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल करने वाली सेक्टर-“14” विकास नगर शाखा की छात्रा सानवी कटियार भी चिकित्सक बनकर परिवार का सपना पूरा करना चाहती है। सानवी के पिता अखिलेश कुमार कटियार किसान हैं और मां अर्चना कटियार गृहणी है।