Wednesday , May 13 2026

पेट्रोल-डीजल बचत अभियान के बीच पीएम मोदी ने आधा किया अपना काफिला, SPG को दिए नए निर्देश

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी संकट और ईंधन आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत तक कम कर दी है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा में तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) को काफिले को छोटा करने और जहां संभव हो वहां इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के हालिया गुजरात और असम दौरों के दौरान छोटा काफिला देखा गया। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कटौती नहीं की गई है और सभी आवश्यक SPG प्रोटोकॉल पहले की तरह लागू हैं। सूत्रों के अनुसार नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों की खरीद फिलहाल नहीं की जाएगी, बल्कि उपलब्ध संसाधनों का ही इस्तेमाल किया जाएगा।यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पीएम मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की है। हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और कारपूलिंग का अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि जिनके पास निजी वाहन हैं, वे एक ही गाड़ी में अधिक लोगों के साथ यात्रा करें ताकि ईंधन की बचत हो सके।प्रधानमंत्री ने सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और “वर्क फ्रॉम होम” को बढ़ावा देने की भी अपील की। उनका कहना था कि कोविड काल में अपनाए गए डिजिटल कार्य मॉडल को फिर से प्राथमिकता देने की जरूरत है ताकि ईंधन की खपत कम हो सके। साथ ही उन्होंने लोगों से फिलहाल गैर-जरूरी सोने की खरीदारी और विदेश यात्राएं टालने का भी आग्रह किया।सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने हाल ही में गुवाहाटी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कई मुख्यमंत्रियों को भी ऊर्जा बचत और सादगी अपनाने से जुड़ी कार्ययोजना साझा की थी। इसके बाद कई राज्यों ने भी सरकारी काफिलों और वाहनों में कटौती जैसे कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन काफिलों में 50 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए हैं।