Tuesday , May 12 2026

ST. JOSEPH : हनुमान आराधना के बीच सृजन अग्रवाल को संयुक्त निदेशक की नई जिम्मेदारी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आज की इस भौतिकतावादी संस्कृति में थोड़ा सा स्थान आध्यात्म को भी देना चाहिये क्योंकि जीवन में थोड़ी सी आध्यात्मिकता हमारे जीवन को संतुलित बनाये रखती है। ये उद्गार सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल ने सेंट जोसेफ राजाजीपुरम् शाखा में वृहद सुंदरकाड पाठ के आयोजन के अवसर पर व्यक्त किये। 

ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल के पावन अवसर पर राम कथा मर्मज्ञ पंडित अजय याग्निक जी महाराज ने हनुमत् भजनों के साथ संगीतमय सुंदरकाड पाठ की प्रस्तुति दी। जिसे सुनकर श्रद्धालु दर्शक भाव-विभोर हो गये। 

राजाजीपुरम् स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय के विशाल प्रांगण में आयोजित सुंदर कांड पाठ में बड़ी संख्या में राजाजीपुरम् व आस-पास के स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सुंदरकाड के साथ वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद को ग्रहण किया।

इस अवसर पर सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डा0 पुष्पलता अग्रवाल ने सभी को ज्येष्ठ माह के मंगल की शुभकामनायें प्रदान की। उन्होने कहा कि ज्येष्ठ माह में हनुमत् आराधना और सुंदरकांड के पाठ व श्रवण मात्र से हनुमान की असीम कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने अपने सुपौत्र सृजन अग्रवाल को सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के संयुक्त निदेशक के रूप में सृजित किया और अपेक्षा की कि वह अपने पिता की तरह मेहनत करते हुए इस विद्यालय समूह को उन्नति के पथ की ओर अग्रसित करेंगे।

इस अवसर पर निदेशक नम्रता अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर (रिटा0) राखी अग्रवाल, सलोनी अग्रवाल, नक्षत्र अग्रवाल स्थानीय पार्षद, अनेक गणमान्यों सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।