Shooter from Ballia : क्षत्रिय महासभा का महासचिव है सीए शुभेंदु के पीए चंद्रनाथ को मारने वाला बलिया का शूटर राज सिंह

Lucknow : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या की गूंज अब उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जोर-शोर से सुनाई दे रही है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में बलिया के एक रसूखदार युवक की गिरफ्तारी ने न केवल पुलिस महकमे, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मचा दी है। मुख्यमंत्री के करीबियों में शुमार चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में पुलिस ने बलिया शहर के आनंद नगर निवासी राज सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार किया है। राज सिंह की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह एक शादी समारोह से लौट रहा था।गिरफ्तारी का घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। बताया जा रहा है कि राज सिंह लखनऊ में एक बीजेपी नेता की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय पुलिस ने अयोध्या में जाल बिछाया और उसे हिरासत में ले लिया। कोलकाता पुलिस और यूपी पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन में यह बड़ी कामयाबी मिली है।राज सिंह केवल एक सामान्य युवक नहीं है, बल्कि स्थानीय राजनीति और सामाजिक संगठनों में उसका अच्छा-खासा दखल है। वह बलिया में क्षत्रिय महासभा का महासचिव बताया जा रहा है। उसके पिता स्वर्गीय केशव सिंह थे, जबकि मां जामवंती सिंह बलिया डाकघर में कार्यरत हैं। राज सिंह का दामन दागदार रहा है। साल 2020 में बलिया के चर्चित अंडा व्यवसायी हत्याकांड में भी उसका नाम मुख्य रूप से सामने आया था। उस मामले में वह फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा था।