योगी कैबिनेट में नई ऊर्जा, आठ मंत्रियों के शपथ ग्रहण से बढ़ी राजनीतिक हलचल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार किया गया। जनभवन के गांधी सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आठ मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वहीं कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इनमें कृष्णा पासवान एकमात्र महिला मंत्री हैं।

इसके अलावा योगी सरकार में पहले से राज्यमंत्री रहे अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोट करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। दोनों नेताओं ने नए दायित्व के तहत शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आभार जताया। समारोह के दौरान गांधी सभागार “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।

भूपेंद्र सिंह चौधरी वर्तमान में विधान परिषद सदस्य हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। मनोज कुमार पांडेय रायबरेली जिले की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक हैं। वहीं कृष्णा पासवान खागा, सुरेंद्र दिलेर खैर और कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं।

समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।