Wednesday , May 6 2026

विधानसभा चुनाव परिणामों से विकास और स्वावलंबन को मिलेगी नई रफ्तार : रविकांत गर्ग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पश्चिम बंगाल, असम सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा निर्वाचन और उसके परिणाम देश के विकास और विकसित, आत्मनिर्भर, स्वावलंबी भारत के संकल्प को साकार करने का कार्य करेंगे। जिसमें देश, प्रदेश के लाखों उद्यमी, व्यापारी, कारोबारी समर्पित भाव से योगदान करेंगे। यह विचार भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने व्यक्त किए।

हाल ही में आए चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश का व्यापारी वर्ग—चाहे छोटा हो या बड़ा, एमएसएमई से जुड़ा हो या संगठित क्षेत्र से, सभी वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं। चुनाव परिणाम इस बात का संकेत हैं कि देश अब सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये नतीजे देश में स्थिरता और विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि यह राज्य कभी व्यापार और उद्योग का बड़ा केंद्र हुआ करता था, जहां से हजारों करोड़ रुपये का निर्यात होता था। लेकिन पिछले कई दशकों में गलत नीतियों और नेतृत्व के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई और विकास की गति धीमी पड़ गई। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बंगाल फिर से अपनी पुरानी पहचान हासिल करे और विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़े।

बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में रविकांत गर्ग ने कहाकि सीमावर्ती राज्यों के लिए आंतरिक और बाहरी सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे राज्यों में सुरक्षित माहौल और मजबूत अर्थव्यवस्था देश की समग्र प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और अन्य राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘समाज सेवा’ के सिद्धांतों पर काम करता रहा है। व्यापार से होने वाले लाभ का एक हिस्सा जरूरतमंदों और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित किया जाता है, जिसके माध्यम से अनेक समाजसेवी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश चेयरमैन एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता सुधीर एस. हलवासिया ने कहा कि वर्तमान समय में देश के 140 करोड़ नागरिकों को इस बात पर गर्व है कि भारत की सीमाएँ सुरक्षित हैं और देश तेज़ी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास” के मंत्र के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा भारत को शक्तिशाली, समृद्ध, स्वावलंबी और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री के साथ-साथ हर देशवासी का बन चुका है।

उन्होंने कहा कि हालिया निर्वाचन परिणाम शांति, विकास और आत्मनिर्भर भारत की जड़ों को और मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से देशभर के 20 करोड़ से अधिक उद्यमी, उद्योगपति, छोटे-बड़े कारोबारी, व्यापारी, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) क्षेत्र से जुड़े लोग, स्टार्टअप से जुड़े युवा और महिलाएं संगठित हो रही हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, संयुक्त महामंत्री हरी अग्रवाल और प्रदेश कोषाध्यक्ष कमल फतेहपुरिया ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि संगठन ने संकल्प लिया है कि उत्तर प्रदेश में हर वर्ष कम से कम 20 हजार महिलाओं को तथा पूरे देश में 50 हजार से अधिक महिलाओं और युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयास विकसित भारत, आत्मनिर्भर और स्वदेशी भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। प्रेस वार्ता में भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल लखनऊ महानगर के वरिष्ठ पदाधिकारी  गोपाल महेश गुप्ता, अवधेश कौशल, अनिल कुमार गोयल आदि उपस्थित रहे।