यूपी में अचानक बदला मौसम का रुख, चेतावनी के बीच सीएम योगी का अलर्ट

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में छाए घने बादलों के बीच हर तरफ अंधेरा छा गया। ऐसा लग रहा था कि रात हो गई है। अचानक तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन रोजमर्रा की गतिविधियों पर असर भी डाला। सुबह-सुबह आसमान में घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

तेज हवा के झोंकों के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिरने की भी सूचना है। कई इलाकों में जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऑफिस जाने वाले और स्कूल के छात्र भी इस अचानक बदले मौसम से प्रभावित हुए।

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुआ है, जिससे अगले एक-दो दिनों तक मौसम में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की खबर है। स्थानीय प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

वहीं खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। आंधी, तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार कई जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों से अपनी फसल और पशुधन का भी ख्याल रखने की अपील की है।

बच्चों को घर के अंदर रखने की सीएम ने की अपील

सीएम योगी ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को घर के अंदर ही रखें। वहीं प्रशासन को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलाधिकारियों, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत और बचाव टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। 

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

प्रदेश के मौसम केंद्र ने कई जिलों में भारी ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। खासकर तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में इसका अधिक असर देखने को मिल सकता है।