नई दिल्ली : घरेलू सर्राफा बाजार में हाजिर चांदी के भाव में आज गिरावट का रुख बना हुआ है। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी आज 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम लुढ़क गई, जिसके कारण ये चमकीली धातु आज 2,49,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसी तरह मुंबई, अहमदाबाद और कोलकाता में चांदी 2,49,700 रुपये के भाव पर कारोबार कर रही है। जबकि जयपुर, सूरत और पुणे में चांदी 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बनी हुई है।वहीं बेंगलुरु में चांदी 2,50,200 रुपये के स्तर पर और पटना तथा भुवनेश्वर में 2,49,800 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है। इसके अलावा हैदराबाद में चांदी 8,600 रुपये प्रति किलोग्राम की कमजोरी के साथ 2,69,800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बिक रही है। भाव में आई गिरावट के बावजूद देश में चांदी की सबसे अधिक कीमत आज भी चेन्नई में है, जहां ये चमकीली धातु आज 8,900 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,70,100 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।मार्केट एक्सपर्ट मयंक मोहन का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी जंग की वजह से चांदी की इंडस्ट्रियल डिमांड में गिरावट आ गई है। इसलिए फिलहाल इस चमकीली धातु की कीमत में सीमित दायरे में उतार चढ़ाव हो रहा है। जब तक पश्चिम एशिया में तनाव बना रहेगा, तब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी जैसी धातुओं की चाल में स्थिरता आने या तेजी आने के बारे में पक्के तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।हालांकि इस बात की उम्मीद बनी हुई है कि पश्चिम एशिया में शांति का माहौल बनने के बाद औद्योगिक गतिविधियां तेज होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की मांग भी बढ़ जाएगी। ऐसा होने पर इस चमकीली धातु की कीमत में दोबारा तेजी आ सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आने वाली तेजी का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी निश्चित रूप से पड़ेगा। हालांकि चांदी की चाल में तेजी आने की ये पूरी उम्मीद पश्चिम एशिया में जारी जंग के थमने पर ही निर्भर करेगी।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal