जोमैटो संग साझेदारी से ‘द हेज़लनट फैक्ट्री’ की उड़ान, 43 गुना बढ़े ऑर्डर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ के प्रीमियम और लोकप्रिय मिठाई एवं कैफे ब्रांड, द हेज़लनट फैक्ट्री, ने 2019 में जोमैटो से जुड़ने के बाद से अपने वार्षिक ऑर्डर वॉल्यूम में लगभग 43 गुना वृद्धि दर्ज की है। पारंपरिक भारतीय मिठाइयों को आधुनिक कैफे स्वरूप में प्रस्तुत करने के लिए पहचाने जाने वाला यह ब्रांड उत्तर भारत में आर्टिसनल डेज़र्ट और स्पेशलिटी कॉफी क्षेत्र में तेजी से एक प्रमुख नाम बन गया है।

अपने ब्रांड की यात्रा के बारे में बात करते हुए, द हेज़लनट फैक्ट्री के संस्थापक अंकित साहनी ने कहा, “हमारा उद्देश्य हमेशा ग्राहकों के लिए ऐसा स्थान बनाना रहा है, जहां वे प्रामाणिक भारतीय स्वादों का अनुभव आधुनिक और उन्नत रूप में कर सकें। गुणवत्ता, निरंतरता और नवाचार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ने हमें एक मजबूत और वफादार ग्राहक आधार बनाने में सक्षम बनाया है। जोमैटो की सेवाओं के साथ, हम वर्षों से अपने ग्राहक आधार को बनाए रखने और उसमें वृद्धि करने में सफल रहे हैं।”

जोमैटो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आदित्य मंगला ने कहा, “द हेज़लनट फैक्ट्री की सबसे बड़ी विशेषता स्वाद और निरंतरता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता है। उनकी वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने समय के साथ ग्राहकों का विश्वास अर्जित किया है।”

2019 में स्थापित, द हेज़लनट फैक्ट्री की परिकल्पना एक ऐसे आधुनिक स्थान का निर्माण करना था, जहां ग्राहक आधुनिक अंदाज के साथ प्रामाणिक भारतीय मिठाइयों का अनुभव कर सकें। इसकी शुरुआत उस समय हुई जब वैश्विक कैफे चेन का बाजार में दबदबा बना हुआ था, ऐसे में इस अंतर को कम करने के लिए एक स्वदेशी अवधारणा की आवश्यकता सामने आई। द हेज़लनट फैक्ट्री ऐसे व्यंजनों पर ध्यान केंद्रित करती है, जो भारत की समृद्ध मिठाई परंपरा को दर्शाते हैं, जहां ग्राहक कौशल के साथ निर्मित भारतीय मिठाइयों और स्पेशलिटी भारतीय कॉफी का अनुभव कर सकते हैं।

आज, द हेज़लनट फैक्ट्री ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में विस्तार कर लिया है और इसकी वृद्धि को बिकाजी फूड्स इंटरनेशनल के निवेश का साथ प्राप्त हुआ है।