भारतीय सिनेमा में हॉरर-कॉमेडी के बढ़ते दौर के बीच फिल्म ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जॉम्बीज’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म भारत की पहली ऐसी कैंपस जॉम्बी-कॉमेडी बताई जा रही है, जिसमें कॉलेज लाइफ और जॉम्बी थ्रिल का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन गगनजीत सिंह और आलोक द्विवेदी ने किया है, जबकि इसका निर्माण कुंज संघवी ने किया है। कहानी को हुसैन दलाल और अब्बास दलाल ने लिखा है।फिल्म की कहानी एक प्रतिष्ठित कॉलेज कैंपस के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां पढ़ाई और टॉप करने की होड़ अचानक खौफनाक मोड़ ले लेती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि संस्थान के टॉपर छात्र रहस्यमय तरीके से जॉम्बी में बदलने लगते हैं, जिससे क्लासरूम और हॉस्टल में अफरा-तफरी मच जाती है। जैसे-जैसे संक्रमण फैलता है, हालात संभालने की जिम्मेदारी उन छात्रों पर आ जाती है जिन्हें अब तक सिर्फ बैकबेंचर समझा जाता था। फिल्म में मोहन कपूर, अनुप्रिया गोयनका, जेसी लीवर, शिवानी पालीवाल, रोज सरदाना, सचिन कवठम और तनिष्क चौधरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म हिंदी सिनेमा में हॉरर-कॉमेडी की शैली को नया आयाम दे सकती है। ट्रेलर में सस्पेंस, तेज रफ्तार कहानी और युवा दर्शकों से जुड़ा हास्य देखने को मिलता है, जो इसे अलग पहचान देता है। ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जॉम्बीज’ 15 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और दर्शकों को एक बिल्कुल नया सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal