Tuesday , April 28 2026

राष्ट्रीय सम्मेलन में पूर्व सैनिक बैंकर्स का मंथन, आनंद राठौर को मिली कमान


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अ. भा. भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति का सम्मेलन विश्व संवाद केन्द्र में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि धीरज सिंह व अन्य वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स द्वारा माँ भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन किया गया। उत्तराखंड, दिल्ली, उ.प्र. तथा अन्य प्रदेशों से आये हुए पूर्व सैनिक बैंकर्स ने सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर नये श्रम कानूनों के परिप्रेक्ष्य में छोटी छोटी पूर्व सैनिक बैंकर्स ट्रेड यूनियन्स के अस्तित्व पर मंडराते खतरे, बैंकों की पैरेन्टल यूनियनों में पूर्व सैनिक बैंकर्स की भूमिका और पूर्व सैनिक बैंकर्स के कल्याण के लिये पैरेन्टल यूनियनों के साथ समन्वय हेतु पूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की आवश्यकता आदि विषयों पर धीरेंद्र सिंह, आनंद राठौर, मृगांक श्रीवास्तव, विकाश सिंह रावत आदि ने जोरदार तरीके से अपना पक्ष रखा।

अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति के संविधान को हरेंद्र छेत्री (दिल्ली), शंकर दत्त थपलियाल (उत्तराखंड) द्वारा पढ़ा गया। फिर संविधान को और अधिक कल्याणकारी बनाने के लिये अतुल कुमार, संजीव, कुंदन सिंह, एनके नियोगी, राधेश्याम सिंह, संतोष कुमार, आशुतोष पाठक, चन्द्र जीत सिंह, आदर्श उपाध्याय, विकास सिंह रावत, योगेश दीक्षित आदि ने अपने विचार  रखे। 

सम्मेलन में सर्वसम्मति से आनंद राठौर को अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति का अध्यक्ष व मृगांक श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष चुना गया। राष्ट्रीय स्तर पर राज्यवार समितियों के गठन का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में शंकर दत्त थपलियाल की टीम द्वारा उत्तराखंड के कई लोकगीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।