लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर पी.एस.आई. इंडिया की एंबेड परियोजना के अंतर्गत फैजुल्लागंज इलाके के नौबस्ता में स्थित शांति पब्लिक इंटर कॉलेज में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता शपथ, संगोष्ठी, रैली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आमजन को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने मलेरिया से बचाव हेतु स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने का संकल्प लिया। प्रबन्धक मोहित शर्मा ने स्टूडेंट्स को मलेरिया से बचाव की शपथ दिलाई।

इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र त्रिपाठी ने मलेरिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो गंदे पानी और नालियों में पनपते हैं। इसलिए घर एवं आसपास पानी जमा न होने देना, साफ-सफाई बनाए रखना और मच्छरदानी का नियमित उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है।
इस वर्ष की थीम “मलेरिया समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एंबेड एपीसी शशि मिश्रा के नेतृत्व में निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से छात्रों ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को मलेरिया के प्रति सचेत किया। रैली के दौरान मच्छरों से फैलने वाले इस रोग के लक्षणों जैसे बार-बार बुखार आना, सर्दी एवं सिरदर्द के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी प्रकार का बुखार होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर निःशुल्क जांच अवश्य कराएं और पुष्टि होने पर पूरा उपचार लें।

शशि मिश्रा ने लोगों को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने और मच्छरों से बचाव के अन्य उपाय अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया की जांच निःशुल्क उपलब्ध है।
कार्यक्रम के अंत में चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम ने मलेरिया उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal