लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज स्थित शिव सहाय जी सभागार में शनिवार को बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की अंतर्शाखीय विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं से कक्षा-12 के लगभग 130 बाल वैज्ञानिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रदर्शनी में नवाचार आधारित कुल 44 मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार जायसवाल ने सभी मॉडलों का गहन निरीक्षण किया और प्रतिभागी छात्रों से उनके प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने छात्रों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाने और शोध के क्षेत्र में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

निर्णायक मंडल द्वारा श्रेष्ठ मॉडलों का चयन कर विजेताओं की घोषणा की गई। प्रथम पुरस्कार बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी के शिवम दीक्षित, शिवम सिंह एवं शेखर वर्मा की टीम को “रेन डिटेक्टिंग सिस्टम” मॉडल के लिए प्रदान किया गया।

द्वितीय स्थान बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पल्टन छावनी शाखा के अभय यादव और आशिफ अली को “सोलर बोट” मॉडल के लिए मिला। वहीं तृतीय पुरस्कार शिवांगी अवस्थी, जेबा जेहरा और अनामिका सिंह (बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी) को “क्रॉप प्रोटेक्शन फ्रॉम एनिमल्स” मॉडल के लिए प्रदान किया गया।


इसके अलावा चतुर्थ पुरस्कार बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पल्टन छावनी शाखा के “कमर्शियल बैंक सिस्टम” मॉडल तथा पंचम पुरस्कार बाल निकुंज इंटर कॉलेज ब्वॉयज बिग के “कन्वर्ट वेस्ट एसी एयर इंटू इलेक्ट्रिक” मॉडल को दिया गया। सभी विजेताओं को क्रमशः ₹1001, ₹901, ₹801, ₹701 और ₹601 की नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्य डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ इंचार्ज एवं विज्ञान के प्रवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साह और वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal