लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुर्सी रोड स्थित गौराबाग के श्री साईं बाबा मंदिर में 16वें स्थापना दिवसोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। बृहस्पतिवार को इस अवसर पर बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जबकि शाम को भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगल स्नान एवं विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। इसके पश्चात सजे-धजे घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच साईं बाबा की आकर्षक पालकी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया चौराहा होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पालकी यात्रा में पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और पूरे मार्ग पर श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

शाम को आयोजित भजन संध्या में गायक साईं शाकिर, विशाल कौशिक, गरिमा जायसवाल एवं साक्षी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। ‘मुझको तुम्हारी जुदाई मार डालेगी’, ‘मुखड़ा सलोना अंखियों में करुणा, है साईं नाथ मेरे’, ‘चलो शिरडी के द्वारे तुम्हें साईं पुकारे’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा पांडाल ‘साईं बाबा की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर अंकुर नटराज ग्रुप द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण, श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, बजरंगबली एवं भगवान शिव की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन में कार्यक्रम संयोजक एवं अस्पताल प्रबंधक डॉ. संदीप कुमार, अनुष्का, रमाकांत शुक्ला, जयकरन सिंह, नीलेश सोनकर, बीरेंद्र मौर्य, प्रवीण वर्मा, रंजीत यादव, अनुज यादव सहित बड़ी संख्या में साईं भक्त उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal