Wednesday , April 22 2026

पृथ्वी दिवस पर श्रीराम पार्क में पौधारोपण संग दिया हरियाली का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर गोमती नगर स्थित श्रीराम पार्क, नेहरू एंक्लेव में जनजागरूकता, पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नागरिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं ‘एक पहल मुस्कराहट’ की संस्थापक डॉ. अंजू वार्ष्णेय के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर पार्क परिसर में जामुन, आम, लीची और अमरूद जैसे फलदार पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण में सरिता आनंद, सीए अरविंद कुमार गुप्ता, अथर्व गुप्ता, आदित्री, माधुरी राय, शिखा राय, रिद्धि आरू सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों को पौधे वितरित कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों ने “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” के नारे लगाए और पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी शेखर श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व्यापार मंडल एवं समाजसेवी सुनीता श्रीवास्तव ने सभी को पृथ्वी दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक प्रेरणादायक कविता भी बच्चों को सुनाई।