Tuesday , April 21 2026

भीषण गर्मी का कहर, शिक्षण संस्थानों को लेकर DM ने दिया ये आदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के तहत प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी बोर्डों के सरकारी, परिषदीय, गैरसरकारी एवं प्राइवेट विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।

जारी निर्देश के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 से विद्यालयों का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। यह निर्णय बच्चों को गर्मी से राहत देने और उनके स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित विद्यालयों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही, आदेश की प्रमाणिकता जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है।

इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सूचना विभाग को भी आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है।

प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।