Monday , April 20 2026

परशुराम जयंती पर श्रद्धा का उत्सव, भजन संध्या में झूमे भक्त

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सहसोवीर मंदिर, कृष्णा नगर में भगवान परशुराम के पावन जन्मोत्सव एवं मंदिर निर्माण के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भजन संध्या का आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति के तत्वाधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य हो उठा। भगवान परशुराम के विग्रह का विशेष श्रृंगार किया गया तथा विधि-विधान से आरती एवं भोग अर्पण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर भगवान से सुख-समृद्धि एवं देश-प्रदेश की उन्नति की कामना की।

भगवान परशुराम के इस मंदिर का निर्माण प्रो. रीता बहुगुणा जोशी और उनके पुत्र मयंक जोशी के प्रयासों से कराया गया था, जो आज क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति की उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री उ.प्र., प्रो. रीता बहुगुणा जोशी और मयंक जोशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान परशुराम के आदर्शों-धर्म, साहस और न्याय को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

भजन संध्या में गायकों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक भजनों ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे और “जय परशुराम” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, अलका दास, निर्मला पंत, ऋचा जोशी और रेणुका टंडन सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।