लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजेंद्र नगर स्थित नवयुग कन्या महाविद्यालय में सत्र 2025-26 का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रबंधक विजय दयाल के संरक्षकत्व में तथा प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक पौधे भेंट कर किया। बीए चतुर्थ सत्र की छात्रा मुस्कान मिश्रा ने दीप स्तुति एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत प्राचार्या ने महाविद्यालय की वार्षिक शैक्षणिक प्रगति आख्या 2024-25 प्रस्तुत की।

मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान (राज्य विधान परिषद सदस्य) ने कहा कि संघर्ष और सहनशीलता ही व्यक्ति को महान बनाते हैं। उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय दीन दयाल को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों की स्थापना जिस भावना से होती है, उसका प्रभाव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने छात्रों को गुरुजनों का सम्मान करने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि अश्विनी कुमार उपाध्याय (उच्च शिक्षा अधिकारी) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख किया और कहा कि ज्ञान का उपयोग मानवता की सेवा के लिए होना चाहिए। वहीं स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर चरित्र निर्माण पर बल देने की बात कही।

राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र प्रचारिका कुमारी शशि ने राष्ट्र निर्माण में नारी और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी ही राष्ट्र की सुदृढ़ शक्ति है और भारतीय ज्ञान परंपरा के माध्यम से देश पुनः विश्व गुरु बन सकता है।

कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 की विभिन्न कक्षाओं (बीए, बीएससी, बीएड, एमए, एमकॉम) की मेधावी छात्राओं को कुल 61 पदकों से सम्मानित किया गया। जिसमें 40 स्वर्ण, 11 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल रहे।

समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “नवयुग रत्न सम्मान” बीए की छात्रा नेहा कुमारी को प्रदान किया गया। राजनीति शास्त्र विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली अस्मिता अवस्थी को चंद्रावती गोल्ड मेडल सहित तीन पदक प्राप्त हुए। बीएससी की छात्रा आयुषी शुक्ला को सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर ज्ञानवती जलोटे एवं घनानंद गोल्ड मेडल के तहत एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक दिया गया। अन्य वर्गों में भी रिया यादव, श्रद्धा और रीतिका शर्मा सहित कई छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा महाविद्यालय की तीन शिक्षिकाओं डॉ. नेहा अग्रवाल, डॉ. सुनीता सिंह एवं डॉ. प्रतिमा घोष को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए “रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड” प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रो. सीमा सरकार के निर्देशन में विविध प्रस्तुतियां दी गईं। जिनमें सलोनी सिंह का जौहर नृत्य, काव्योम संस्था द्वारा महाभारत पर आधारित काव्य रचना तथा श्रेया एवं उनकी टीम द्वारा गरबा नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. विनीता सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संगीता कोतवाल ने दिया। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, अतिथि एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में वंदे मातरम राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal