Wednesday , June 3 2026

छात्र-छात्राओं को मिला करियर चयन का मार्गदर्शन, निकली पदयात्रा

सीतापुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजकीय महाविद्यालय कुचलाई में मिशन शक्ति फेज-5.2 एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंस्टिट्यूट ऑफ कंपनीज़ सेक्रेटरीज़ ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के लखनऊ चैप्टर के सौजन्य से प्राचार्य डॉ. शालिनी सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में आईसीएसआई लखनऊ चैप्टर से सीएस गौरव मेहरोत्रा तथा कोऑर्डिनेटर शिव मूर्ति तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. अनुमेहा श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण के साथ किया और आयोजन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के प्रभारी एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राम आसरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सही समय पर सही करियर का चुनाव जीवन में सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में युवा अक्सर भटक जाते हैं और अपने लिए उपयुक्त करियर का चयन नहीं कर पाते।

मुख्य वक्ता सीएस गौरव मेहरोत्रा ने छात्रों को कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) कोर्स की विस्तृत जानकारी दी तथा पंपलेट्स का वितरण किया। उन्होंने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद भी बेहतर करियर बनाया जा सकता है और एक सशक्त पहचान स्थापित की जा सकती है।

वहीं, कोऑर्डिनेटर शिव मूर्ति तिवारी ने एक उदाहरण के जरिए विद्यार्थियों को जानकारी के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि जैसे आवश्यकता पड़ने पर ही किसी वस्तु का महत्व समझ में आता है, वैसे ही करियर संबंधी जानकारी का महत्व भी समय आने पर ही महसूस होता है, इसलिए समय रहते सही मार्गदर्शन आवश्यक है।

प्राचार्य डॉ. शालिनी सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि समय पर सही करियर का चयन कर ही शिक्षा को सार्थक बनाया जा सकता है और जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

नारी शक्ति पदयात्रा में छात्राओं ने दिखाई एकजुटता

इसी क्रम में नारी वंदन अधिनियम 2023 के तहत प्राचार्य डॉ. शालिनी सिंह एवं मिशन शक्ति संयोजक डॉ. शोभना दीक्षित के नेतृत्व में नारी शक्ति पदयात्रा निकाली गई। इसके माध्यम से लोगों को अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. अनुमेहा श्रीवास्तव एवं एनएसएस प्रभारी डॉ. अनुभूति जैन के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाकर छात्राओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राम आसरे, डॉ. शोभना दीक्षित, मुदब्बिर क़मर, डॉ. मायाराम, डॉ. अनुराग सिंह सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अनुमेहा श्रीवास्तव ने किया।