Friday , April 17 2026

अनुष्का दीक्षित ने बांटा अनुभव, छात्राओं को सिखाई मेकअप कला

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत छात्राओं को मेकअप कला में प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर जानी-मानी मेकअप आर्टिस्ट अनुष्का दीक्षित ने छात्राओं को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने ब्राइडल मेकअप सहित विभिन्न प्रकार के प्रोफेशनल मेकअप की बारीकियों से छात्राओं को अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मेकअप से जुड़े आधुनिक तकनीकों को सीखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलते हैं। उन्होंने बताया कि मेकअप के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्राओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जिसमें उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्राचार्य ने कहा कि अनुष्का दीक्षित इसी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं, जो संस्थान के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। कार्यक्रम में प्रो. शालिनी श्रीवास्तव, ले. प्रतिमा शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।