लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बैसाखी के पावन अवसर पर लुलु हाइपरमार्केट ने अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित कर समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के लिए लंगर वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
फसल कटाई के पर्व के साथ-साथ सेवा, समर्पण और समानता के प्रतीक बैसाखी के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक प्रेम और सहयोग की भावना पहुंचाना रहा। लुलु हाइपरमार्केट की टीम ने पूरे समर्पण के साथ लंगर सेवा में भाग लिया और जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित किया।
कार्यक्रम के दौरान लुलु समूह के क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर प्रदेश, तेलंगाना एवं दिल्ली) नोमान अजीज खान ने कहा कि समूह हमेशा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है और भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रहेगी।
वहीं, लुलु हाइपरमार्केट, लखनऊ के महाप्रबंधक सुनील शर्मा ने कहा कि इस पवित्र अवसर पर गुरुद्वारे में सेवा का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि लंगर जैसी परंपराएं न केवल समाज को जोड़ती हैं, बल्कि मानवता और सेवा के मूल्यों को भी सुदृढ़ करती हैं।
इस मौके पर गुरुद्वारे के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लुलु समूह के प्रतिनिधियों को उनके सराहनीय सामाजिक कार्य के लिए सम्मानित किया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
यह सेवा कार्यक्रम न केवल एक सामाजिक पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी रहा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal