Wednesday , April 15 2026

बाल निकुंज : भाषण प्रतियोगिता में सिद्धि, हिमांशी, निबंध में अथर्व, प्रियंजन अव्वल


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज स्थित शिव सहाय जी सभागार में मंगलवार को आंबेडकर जयंती पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, विचारों और योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के चीफ जनरल मैनेजर अजय कुमार खन्ना एवं प्रबंध निदेशक एचएन जायसवाल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद उपस्थित शिक्षकों एवं छात्रों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप कुमार ने किया। उन्होंने बाबा साहब के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता और जब भी संविधान एवं लोकतंत्र पर संकट आता है, तब उनकी याद और प्रासंगिक हो जाती है।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में बाबा साहब की विद्वता और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना “हम भारत के लोग” से प्रारंभ होती है, जो देश की एकता, अखंडता, न्याय और समानता का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा भी दी।

प्रतियोगिताओं में सभी शाखाओं से चयनित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में 30 तथा निबंध प्रतियोगिता में 62 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दोनों प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्गों में आयोजित की गईं। चारों वर्गों में प्रथम से पांचवें स्थान तक के विजेताओं को मुख्य अतिथि अजय कुमार खन्ना (चीफ जनरल मैनेजर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया) द्वारा मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।

भाषण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सिद्धि सिन्हा प्रथम, शिवानी द्वितीय, रश्मि मौर्या तृतीय, प्रतीक चतुर्थ तथा देवांश गुप्ता पंचम स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में हिमांशी यादव ने प्रथम, प्रिंस अग्रवाल ने द्वितीय, उमंग चौरसिया ने तृतीय, दिव्या सिंह ने चतुर्थ और प्रवीण पांडे ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अथर्व मौर्य प्रथम, आराध्या वर्मा द्वितीय, वैभवी श्री तृतीय, सौरभ पांडेय चतुर्थ और सार्थक यादव पंचम स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में प्रियंजन त्रिवेदी प्रथम, देवांसी सिंह द्वितीय, हर्षवर्धन सिंह तृतीय, आर्यन सिंह चतुर्थ तथा भूमि वर्मा पंचम स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि अशोक गुप्ता, प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा सहित सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।