लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने धमाल मचाया वहीं दादी नानी की कहानी से निरंतरता की सीख मिली। मौका था अलीगंज के बेलीगारद में स्थित विशेश्वर दयाल इंटर कॉलेज में सोमवार को आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का। कार्यक्रम के अंतर्गत लोक संस्कृति शोध संस्थान के तत्वावधान में ‘दादी-नानी की कहानी: जीतेश की जुबानी’ श्रृंखला का 80वां मासिक आयोजन भी हुआ।

इस अवसर पर स्टोरीमैन जीतेश श्रीवास्तव ने बच्चों को प्रेरणादायक कहानी सुनाते हुए जीवन में एकाग्रता और निरंतरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मकड़ी की कथा के माध्यम से बताया कि जो लोग दूसरों की बातों में आकर अपना कार्य अधूरा छोड़ देते हैं, वे सफलता से दूर रह जाते हैं।

पूजन, दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना “मां सरस्वती शारदे…” पर मनोहारी नृत्य से हुआ। इसके बाद श्री गणेश वंदना “देवा श्री गणेशा…” और स्वागत गीत “सांसों की सरगम गाए सुस्वागतम” ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने “अहा टमाटर बड़े मजेदार” और “छोटा बच्चा जान के ना कोई आंख दिखाना रे” पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कक्षा दो की छात्राओं मानसी और शगुन ने “एक रोटी कम खाओ, बेटा-बेटी को पढ़ाओ…” पर नृत्य की प्रस्तुति देकर शिक्षा का प्रेरक संदेश दिया।

विद्यालय के प्रबंधक एच.एन. श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य सुमनलता मिश्रा ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अतिथियों को भी अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय पार्षद मान सिंह यादव उपस्थित रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य निर्मल कुमार श्रीवास्तव ने की। विशिष्ट अतिथियों में रोटरी क्लब के डॉ. रमेश चड्डा, शोहरतगढ़ एनवायरमेंटल सोसाइटी के सचिव संदीप श्रीवास्तव, स्माइल फॉर ऑल सोसाइटी के सचिन तिवारी, सोमेंद्र सिंह, दीपक जैन, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. एस.के. गोपाल व शम्भू शरण वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। अंत में प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान के साथ समारोह का समापन हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal