लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कुर्सी रोड क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों एवं भवन स्वामियों ने रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर महायोजना-2031 के पुनर्विचार की मांग को लेकर एकजुटता दिखाई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर केन्द्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से शीघ्र मुलाकात की जाएगी।
कुर्सी रोड स्थित एसएस ग्रैंड होटल में आयोजित इस बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और क्षेत्र के प्रमुख लोगों ने भाग लिया। इसमें संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी पांडे, श्रमिक जनशक्ति किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश यादव, अखण्ड आर्यावर्त आर्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी, जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी सहित चन्द्रमौलि शुक्ला, आराधना कुमार, मोहम्मद सलीम और बड़ी संख्या में व्यापारी एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में वक्ताओं ने कुर्सी रोड महायोजना-2031 को हजारों लोगों की आजीविका के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के कारण व्यापारिक प्रतिष्ठान, आवासीय भवन, मल्टीस्टोरी इमारतें, होटल, छात्रावास एवं धार्मिक स्थल प्रभावित होंगे, जिससे हजारों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि योजना के अनुसार टेढ़ी पुलिया से सिकंदरपुर चौराहे तक 45 मीटर, सिकंदरपुर चौराहे से कॉरपोरेशन बैंक, मिश्रपुर तक 80 मीटर, कॉरपोरेशन बैंक से बसहा तक 150 मीटर तथा बसहा से बेहटा तक 100 मीटर सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इस विस्तार से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की आशंका जताई गई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक प्रतिनिधिमंडल का गठन कर जल्द ही केन्द्रीय रक्षामंत्री से उनके लखनऊ अथवा दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की जाएगी और योजना में हस्तक्षेप कर पुनर्विचार की मांग की जाएगी। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी आजीविका और संपत्ति की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal