लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने 09 जनवरी 2026 से 12 अप्रैल 2026 तक सीमांत मुख्यालय, लखनऊ के अंतर्गत आने वाली 50वीं एवं 9वीं वाहिनी, बलरामपुर का विस्तृत भ्रमण कर सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वाहिनियों की कार्यप्रणाली, परिचालन गतिविधियों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।


भ्रमण के दौरान महानिदेशक ने विभिन्न बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) का दौरा कर वहां तैनात अधिकारियों एवं जवानों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाई जा सके।

महानिदेशक श्री सिंघल ने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा जवानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।


इस अवसर पर उन्होंने जवानों के उच्च मनोबल, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह राष्ट्र सेवा में अपना योगदान देते रहेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal