Saturday , April 11 2026

अंबेडकर जयंती पर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति का दो दिवसीय कार्यक्रम 13 अप्रैल से

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। समिति द्वारा पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 13 अप्रैल की संध्या 5 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जो 14 अप्रैल तक लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम का आयोजन गोमती नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के मुख्य द्वार के सामने किया जाएगा। 13 अप्रैल को जयंती की पूर्व संध्या पर प्रसिद्ध भीम गीत गायक राम निवास पसवान अपनी मंडली के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे, जिससे कार्यक्रम का माहौल श्रद्धा और उत्साह से भर उठेगा।

दूसरे दिन 14 अप्रैल को बाबा साहब के अनुयायियों के बीच 10 कुंतल भोजन, फल एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस संबंध में आयोजित बैठक में समिति के संयोजक अवधेश कुमार वर्मा, डॉ. राम सबद जैसवारा, आर.पी. केन, पीएम प्रभाकर, प्रेम चंद्र, लेखराम, बन्नी सिंह, नेकी राम, बिंदा प्रसाद, अजय कुमार और धीरेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

समिति ने प्रदेश के सभी आरक्षण समर्थकों और आम जनमानस से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करें।