लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को एचसीएल सहायतित स्वयंसेवी संस्था ममता-एचएमआईएस के सहयोग से नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (यूसीएचसी) इंदिरा नगर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यूसीएचसी इंदिरा नगर के अंतर्गत आने वाले दो नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुगौली और खरगापुर तथा अलीगंज यूसीएचसी के तहत आने वाले तीन नगरीय पीएचसी त्रिवेणी नगर, रहीम नगर और खुर्रम नगर क्षेत्र की 60 आशा कार्यकर्ताओं को विभिन्न आवश्यक संसाधन वितरित किए गए।
इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं को थर्मामीटर, एमयूएसी (MUAC) टेप सहित मातृ, शिशु एवं बाल स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता के लिए फ्लिप बुक प्रदान की गई। साथ ही जागरूकता गतिविधियों को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से ढोलक, मंजीरा और झांझर जैसे वाद्य यंत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने संसाधनों का वितरण करते हुए कहा कि ममता-एचसीएल के सहयोग से आशा कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराए गए ये उपकरण उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बताया कि इन संसाधनों से शहरी क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा और फील्ड स्तर पर कार्य करना अधिक प्रभावी होगा।
उन्होंने विशेष रूप से एमयूएसी टेप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से आशा कार्यकर्ता अति गंभीर और मध्यम गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान आसानी से कर सकेंगी। वहीं फ्लिप बुक और वाद्य यंत्रों के उपयोग से वे समुदाय में मनोरंजक और प्रभावी तरीके से स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित कर सकेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाते हैं, बल्कि समुदाय में जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन लाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज, डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal