Friday , April 10 2026

सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए स्किल्ड मैनपावर तैयार करेगा AKTU-सीमेंस गठजोड़

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग के छात्र तेजी से उभरती वीएलएसआई और सेमीकंडक्टर उद्योगों के लिए तैयार होंगे। इस तकनीकी में छात्रों को सॉफ्टवेयर एवं ऑटोमेशन के क्षेत्र में अग्रणी जर्मन कंपनी सिमेंस प्रशिक्षित करेगी। इसके लिए जनभवन में गुरूवार को एकेटीयू एवं सीमेंस ईडीए कंपनी के बीच एमओयू किया गया। 

राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एवं कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में समझौता पत्र का आदान-प्रदान किया गया। एमओयू पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी केशव सिंह एवं सीमेंस के वाइस प्रेसिडेंट एवं कंट्री मैनेजर रूचिर दीक्षित ने हस्ताक्षर किया।

इस एमओयू के तहत दोनों संस्थाएं वीएलएसआई एवं सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन आटोमेशन (ईडीए), वेेरिफिकेशन तथा सिमुलेशन जैसे उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना करेंगे। जिसका उद्देश्य शैक्षणिक पाठ्यक्रमों को सुदृद्ध बनाने स्टार्टअप्स को विकसित तथा शिक्षकों की विशेषता को विकसित करना एवं शोध कायों में सहयोग प्रदान करना होगा।यह सहयोग अकादमिक जगत एवं उद्योग के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। 

इसके माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों अनुसंधान तथा प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे जो उन्हें सेमीकंडक्टर परितंत्र की आवश्यकताओं के अनुरुप दक्ष बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

इस समझौते के तहत इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन आटोमेशन (ईडीए) के क्षेत्र में विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 300 संस्थाओं को सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने से लेकर स्टार्टअप्स, शैक्षणिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित विकसित एवं समृद्ध करना होगा।

इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में सात सॉफ्टवेयर होंगे। जिसमें डिजाइन वेरिफिकेशन बीएनडी एसडब्ल्यू, आईसी नैनोमीटर डिजाइन बीएनडी एसडब्ल्यू, पीसीबी डिजाइन बंडल एस डब्ल्यू, क्यूस्टा एडवांस्ड फॉरमल बीएनडी एस डब्ल्यू, वलर पीसीबी डिजाइन वेरीफ बीएनडी, एपरिसा पी एंड आर प्लेफॉर्म बीएनडी एस डब्ल्यू और थ्री डी आईसी डिजाइन बीएनडी एस डब्ल्यू है।

सिमेंस विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों में अध्ययनरत बीटेक एवं एमटेक छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी मंच देगा, जो उन्हें आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन और संमीकइक्टर इंडस्ट्री के लिए तैयार करेगा। इसके माध्यम में छात्र वीएलएसआई डिजाइन, सर्किट सिमुलेशन और पीसीबी डिजाइन जैसे उन्नत कौशल सीखेंगे। यें टूल्स छात्रों को थ्योरी के साथ साथ प्रैक्टिकल ज्ञान भी देते हैं. जिससे वे वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर काम कर पाते हैं और उनकी तकनीकी समझ बढ़ती है।

इसके अलावा सिमेंस ईडीए छात्रों को रिसर्च इटर्नशिप और रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगा। विशेष रूप से एमटेक छात्रों के लिए यह रिसर्च और इनोवेशन में सहायक है, जैसे लो पावर चिप डिजाइन और नई तकनीकों का विकास। यह कपनी न केवल छात्रों के अकादमिक ज्ञान को बढ़ायेगी बल्कि इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के अनुसार विकसित करने में अहम भूमिका निभाने में सहायक होगी।

एकेटीयू की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सीमेंस की उद्योग में अग्रणी विशेषज्ञता के समन्वय से नवाचार को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों को तेजी से विकसित हो रहे वीएलएसआई एवं सेमीकंडवटर क्षेत्र में सफलतापूर्वक कार्य करने के लिए तैयार किया जा सकेगा। इस एमओयू के तहत सीमेंस विश्वविद्यालय के साथ मिलकर पाठ्यक्रम को इंडस्ट्री की आवश्यकता के अनुसार विकसित करने में सहयोग करेगा। छात्रों को इटर्नशिप के अवसर उपलब्ध होंगे।

कंपनी विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स इस्ट्रूमेंटेशन एवं मेकाट्रॉनिक्स के लगभग तीन सौ शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण भी देगी। जिससे ये सभी शिक्षक अपने अपने संसथान में अन्य लगभग 500 शिक्षकों एवं लगभग 2000 छात्रों को प्रशिक्षित करेंगे। साथ ही एफडीपी, कार्यशाला आदि का आयोजन भी किया जाएगा। एमओयू के दौरान प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ0 एमकेएस सुंदरम, प्रतिकुलपति प्रो0 राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं संस्थानों के निदेशक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।