Monday , April 6 2026

LSG-मेट्रो सेल्फी प्रतियोगिता : मेट्रो में क्लिक करें सेल्फी, पाएं सुपर जायंट्स से मिलने का मौका


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ मेट्रो के यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) एक रोमांचक अवसर लेकर आया है। ‘एलएसजी-मेट्रो सेल्फी प्रतियोगिता’ के जरिए यात्रियों को आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाड़ियों से मिलने और उनके लाइव प्रैक्टिस सेशन को देखने का सुनहरा मौका मिलेगा।

इस प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को एलएसजी खिलाड़ियों और टीम के आर्ट वर्क से सजी विशेष ‘एलएसजी मेट्रो’ के साथ (सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए) सेल्फी या फोटो क्लिक करनी होगी। इसके बाद प्रतिभागियों को अपनी फोटो इंस्टाग्राम या फेसबुक या एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी एंट्री पोस्ट कर यूपीएमआरसी के आधिकारिक खातों @officialupmrc को टैग करना होगा और डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए अपना फोन नंबर साझा करना होगा।

प्रतियोगिता के शीर्ष 3 विजेताओं को एलएसजी के लाइव प्रैक्टिस सेशन को इकाना स्टेडियम में देखने का अवसर मिलेगा, साथ ही उन्हें विशेष एलएसजी मर्चेंडाइज भी प्रदान किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य मेट्रो यात्रियों को एक अनूठा और यादगार अनुभव प्रदान करना है, जिससे यात्रियों और लखनऊ मेट्रो के बीच जुड़ाव और मजबूत हो सके। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 13 अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है।