Monday , April 6 2026

टेक्नो ग्रुप : सांस्कृतिक रंगों से सजा ‘अंतरंग 2026’, दिखा कला-संस्कृति का संगम


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। टेक्नो ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘अंतरंग 2026’ ने इस वर्ष भव्यता और आकर्षण के नए आयाम स्थापित किए। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा परिसर कला और संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन आर.के. अग्रवाल, प्रबंध निदेशक डॉ. ऋषि अग्रवाल, अध्यक्ष विधि अग्रवाल तथा महानिदेशक कर्नल रमाकांत पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के साथ ही कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

उत्सव में गणेश वंदना, समूह गायन, इंडो-वेस्टर्न एवं पंचतत्व थीम पर आधारित रैंप वॉक, नृत्य प्रस्तुतियां और महिला सशक्तिकरण पर आधारित संगीतमय नाटक ने दर्शकों का मन मोह लिया। ‘अर्धनारीश्वर’ नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में अनीता पाल, सुनीता यादव और रूपेश शुक्ला को संस्थान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का उत्साह उस समय चरम पर पहुंच गया जब प्रसिद्ध डीजे कलाकार रिया ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को संगीतमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति पर छात्र-छात्राओं ने जमकर उत्साह दिखाया।

अपने संबोधन में चेयरमैन आर.के. अग्रवाल और प्रबंध निदेशक डॉ. ऋषि अग्रवाल ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें नवाचार, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। अध्यक्ष विधि अग्रवाल ने कहा कि ‘अंतरंग’ छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी क्षमताओं को पहचान पाते हैं।

कार्यक्रम का समापन फाइन आर्ट्स विभाग को ‘बैच ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान करने तथा भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ। ‘अंतरंग 2026’ ने एक बार फिर यह साबित किया कि यह उत्सव केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि छात्रों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।