Monday , April 6 2026

गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में बंद नाइजीरियन कैदी की मौत, तीन साै करोड़ की एमडीए ड्रग्स के साथ हुआ था गिरफ्तार

नोएडा : उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) की जिला जेल में बंद नाइजीरियन कैदी की रविवार को माैत हाे गई। वह किडनी की बीमारी से ग्रसित था और वर्ष 2023 में गौतम बुद्ध नगर में 300 करोड़ की एमडीए ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था।गौतमबुद्ध नगर जिला कारागार के जेल सुपरिंटेंडेंट बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि नाइजीरियन सोलोमन (66 वर्ष) और उसके कई साथियों को वर्ष 2023 के मई माह में गौतमबुद्ध नगर के थाना बीटा- दो पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनके पास से करीब 300 करोड़ की एमडीए ड्रग्स बरामद हुआ था। विदेशी नागरिक एनडीपीएस एक्ट के मामले में सोलोमन तभी से जेल में बंद था। उन्हाेंने बताया कि कैदी लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित था। उसे कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि 2 दिन पूर्व ही वह एम्स दिल्ली से डायलिसिस करवा कर अस्पताल लौटा था। रविवार को उसकी अचानक तबीयत खराब हुई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।उन्होंने बताया कि उचित माध्यम से नाइजीरियन दूतावास को घटना की सूचना दी गई है। मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। इसके कुछ साथी भारत में रहते हैं। उनको भी घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मृतक के परिजन और उनके साथी अंतिम संस्कार कैसे करेंगे इस बात का निर्णय वही लोग लेंगे।