लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर ब्वॉयज विंग में रविवार को आयोजित समारोह में प्राइमरी, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 330 टॉप-10 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना और छात्रों द्वारा प्रस्तुत योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने मेधावी छात्रों को उनकी कक्षाओं में प्राप्त रैंक के आधार पर शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्राइमरी वर्ग में कक्षा 3-ए के रुद्राक्ष वर्मा ने 99.05 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 3-सी के शोभित यादव 98.69 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा कक्षा 1-ए के आदविक 98.65 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान पर रहे।

जूनियर वर्ग में कक्षा 6-बी के वैभव मिश्रा ने 98.26 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7-बी के अथर्व मौर्या 96.90 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं कक्षा 6-ए के अमान रजा 95.76 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान पर रहे।

सीनियर वर्ग में कक्षा 9-बी के हर्षवर्धन सिंह ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी कक्षा के ऋषभ वर्मा 96.72 प्रतिशत के साथ द्वितीय एवं कक्षा 9-ए के उमंग चौरसिया 96.45 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे।

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने “हेल्दी बॉडी, हेल्दी माइंड” का संदेश देते हुए कहा कि अच्छी सेहत से ही बेहतर परिणाम संभव हैं। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और ओवर कॉन्फिडेंस से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने माता-पिता एवं शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्या अनीता मौर्या, इंचार्ज वीरेंद्र कुमार, रीना पांडेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal