लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज मोहिबुल्लापुर गर्ल्स विंग स्थित शिव सहाय जी सभागार में गुरुवार को मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 1 से 9 एवं कक्षा 11 तक की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टॉप-10 रैंक की 270 छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम एवं मुख्यालय), पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ, आईपीएस अपर्णा कुमार ने छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के आधार पर शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सरस्वती वंदना के उपरांत छात्राओं ने योग प्रस्तुति एवं भगवान श्रीराम के भजन से उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने अपने संबोधन में मेधावी छात्राओं के अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संस्कार और सहयोग से ही छात्राएं सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने विज्ञान शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान से छात्राओं को प्रेरित करें, ताकि वे युवा वैज्ञानिक राघवी गुप्ता जैसी उपलब्धियां हासिल कर सकें।

मुख्य अतिथि अपर्णा कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश की भावी नेतृत्वकर्ता हैं और उनके प्रयासों से ही देश का भविष्य सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे समाज में प्रचलित इस धारणा को समाप्त करें कि लड़कियां कुछ नहीं कर सकतीं। उन्होंने महान महिला हस्तियों का उदाहरण देते हुए छात्राओं को आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या भगवती भंडारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, इंचार्ज एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal