लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज के शिव सहाय जी सभागार में बुधवार को मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 9 व 11 तक की वार्षिक परीक्षा में टॉप-10 रैंक प्राप्त करने वाले 190 मेधावियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार सिंह एवं कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्राओं ने योग, नुक्कड़ नाटक एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार सिंह (डिप्टी डायरेक्टर, समग्र शिक्षा, लखनऊ) ने मेधावियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर शील्ड, पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र तथा विज्ञान व गणित की पुस्तकें प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
शैक्षणिक उपलब्धियों में प्री-प्राइमरी वर्ग में केजी-1 की जायरा अली ने 99.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्राइमरी वर्ग में कक्षा 3 के अंश सिंह ने 96.63 प्रतिशत अंक के साथ टॉप किया। जूनियर वर्ग में कक्षा 7 की आराध्या वर्मा ने 96.44 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि सीनियर वर्ग में कक्षा 9 की अपूर्वा अवस्थी ने 94.41 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।

प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने वार्षिक परीक्षा परिणाम की समीक्षा करते हुए छात्रों के परिश्रम तथा अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “प्रैक्टिस मेक्स मैन परफेक्ट”, इसलिए सभी विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्पित रहने की सलाह दी।

मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बच्चों की प्रतिभा और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से अभिभावक और गुरुजन गौरवान्वित होते हैं। उन्होंने बच्चों को हमेशा अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ढोलक वादन प्रस्तुत करने वाले छात्र अंश शर्मा की प्रतिभा की भी विशेष प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal