Tuesday , March 31 2026

कायस्थ समाज की बड़ी पहल, आलोक रंजन बने समन्वयक समिति के अध्यक्ष

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कायस्थ चित्रांश समाज को संगठित करने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजधानी लखनऊ में आयोजित एक बैठक में सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को समन्वयक समिति का अध्यक्ष चुना गया।

यह जानकारी लखनऊ विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव एवं समाजसेवी शेखर श्रीवास्तव ने संयुक्त बयान में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों के कायस्थ चित्रांश संगठन के पदाधिकारियों, प्रांतीय संगठन के प्रतिनिधियों तथा समाज के गणमान्य व्यक्तियों की व्यापक उपस्थिति रही।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष इंद्रसेन श्रीवास्तव एवं अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के अध्यक्ष संजीव वर्मा ने आलोक रंजन को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के विशेष अतिथि पूर्व आईएएस अधिकारी डी.एन. लाल ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आलोक रंजन ने विनम्रतापूर्वक पद स्वीकार करते हुए युवाओं से प्रशासनिक सेवाओं में अधिक से अधिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमल वर्मा ने समाज के लोगों से एकजुट होकर इस अभियान को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की। वहीं फाउंडर अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व सूचना आयुक्त वीरेंद्र सक्सेना ने इस प्रयास को सही दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए आयोजकों को बधाई दी।

इस दौरान स्वर्गीय विनोद बिहारी वर्मा के समाजसेवी योगदान को भी स्मरण किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, सुबोध श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, संतोष निगम, दीपक रंजन, अमित श्रीवास्तव त्यागी, अंशु, पुष्पेंद्र, देवेश, अरुण निगम, बालकेश्वर, विकास, रितु खरे, मिथिलेश, ममता, नकुल सक्सेना, राजेंद्र श्रीवास्तव (इंदिरा नगर), राजेश श्रीवास्तव (गोमती नगर), अतुल श्रीवास्तव (आवास विकास नगर), मुनेंद्र श्रीवास्तव (विक्रम नगर), पंकज, मनोज लाल, आर.के. श्रीवास्तव, मोहित श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, दिनेश खरे सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।