Sunday , March 29 2026

पश्चिम एशिया संकट: देश में ईंधन आपूर्ति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद रहने के बीच केंद्र सरकार ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। सरकार ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराहट में खरीदारी से बचने की अपील की है।केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, देशभर के सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू मांग को देखते हुए रिफाइनरियों से एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया है।मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। साथ ही घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डीजल पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 29.5 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क लगाया गया है।घरेलू पाइप्ड गैस और सीएनजी-ट्रांसपोर्ट के लिए 100 प्रतिशत आपूर्ति जारी है। औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को उनकी औसत खपत का लगभग 80 प्रतिशत गैस मिल रही है, जबकि उर्वरक संयंत्रों को 70 से 75 प्रतिशत आपूर्ति दी जा रही है। आपूर्ति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त एलएनजी और आरएलएनजी की व्यवस्था की जा रही है। मार्च महीने में 2.9 लाख से अधिक नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं।एलपीजी आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। एक दिन में 55 लाख से अधिक घरेलू सिलेंडर वितरित किए गए हैं और किसी भी डीलर के पास गैस खत्म होने की सूचना नहीं है। ऑनलाइन बुकिंग 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड आधारित वितरण 53 प्रतिशत से बढ़कर 84 प्रतिशत हो गया है। कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर अब पूर्व स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंचाया गया है। 14 मार्च से अब तक 39,368 मीट्रिक टन वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति की गई है, जबकि एक दिन में लगभग 64,000 छोटे सिलेंडर बेचे गए।सरकार ने राज्यों को अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर मिट्टी तेल आवंटित किया है और कोयले की अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की है, ताकि एलपीजी पर दबाव कम किया जा सके। जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती करते हुए देशभर में करीब 2900 छापे मारे गए हैं और लगभग 1000 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। तेल विपणन कंपनियों ने 1200 से अधिक पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया है तथा अब तक 480 नोटिस जारी किए हैं।समुद्रीय परिवहन में 18 भारतीय ध्वज वाले जहाज, जिनमें 485 नाविक सवार हैं, पश्चिमी फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं। दो एलपीजी जहाज लगभग 94,000 मीट्रिक टन गैस लेकर भारत की ओर बढ़ रहे हैं, जिनमें से एक 31 मार्च को मुंबई और दूसरा 1 अप्रैल को न्यू मंगलुरु पहुंचेगा। देश के सभी बंदरगाहों पर संचालन सामान्य है और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है।विदेश मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी और पश्चिम एशिया में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। दूतावास 24 घंटे सक्रिय हैं और हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। 28 फरवरी से अब तक करीब 5.24 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। विभिन्न देशों से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं और जिन स्थानों पर हवाई क्षेत्र बंद है, वहां वैकल्पिक मार्गों से यात्रियों को लाया जा रहा है।