Tuesday , September 1 2026

कार्यकर्ता निर्माण की कुंजी है प्रशिक्षण कार्यक्रम : आनंद द्विवेदी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कैंट विधानसभा स्थित भारतीय जनता पार्टी, कैंट मंडल एक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत मंडल कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, मान सिंह, हरशरण लाल गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।

अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि पार्टी का प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ता निर्माण की कुंजी है। पार्टी की रीति-नीति, कार्य-पद्धति, इतिहास एवं विकास से कार्यकर्ताओं को परिचित कराना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हो रहा है। 

विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह ने कहा कि सात सत्रों में चलने वाले इस प्रशिक्षण महा अभियान में पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियां और कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रथम सत्र के उपरांत राज्यसभा सदस्य अमर पाल मौर्या, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने कार्यशाला का निरीक्षण किया। 

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि भाजपा लखनऊ महानगर के 25 मंडल में से पांच मंडल पर कार्यशाला का आयोजन किया जा चुका हैं। शेष सभी मंडलों पर 13 अप्रैल तक कार्यशाला का आयोजन किया जाना है। कार्यशाला में उपाध्यक्ष विनायक पाण्डेय, योगेंद्र पटेल, मंडल अध्यक्ष राजन वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि सुधीर मिश्रा बब्लू, सरवन नायक एवं अन्य पदाधिकारिगण उपस्थित रहे।