Saturday , March 28 2026

रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का समापन, छात्राओं को समाज सेवा के लिए किया प्रेरित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय अलीगंज में संचालित रानी लक्ष्मीबाई रेंजर्स इकाई के पांच दिवसीय रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

समापन अवसर पर प्राचार्य ने शिविर की औपचारिक समाप्ति की घोषणा करते हुए रेंजर्स को आशीर्वचन दिया। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिविर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन समाज सेवा का कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए और उन्हें सदैव आगे बढ़ते रहना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. भानु प्रताप मिश्र ने किया। इस दौरान उन्होंने पांच दिनों तक चले प्रशिक्षण शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की। रेंजर्स प्रशिक्षक डॉ. पुष्पा यादव एवं छाया कश्यप ने शिविर के अंतिम दिन रेंजर्स को प्रार्थना, झंडा गीत, ध्वज शिष्टाचार, पुल निर्माण एवं निरीक्षण की झांकी तथा बिना बर्तन के भोजन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिए।

समारोह में रानी अवंती बाई टोली द्वारा प्रस्तुत गीत ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में रेंजर्स प्रभारी डॉ. मीनाक्षी शुक्ला ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।