लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज में शनिवार को वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ प्राचार्य प्रो० रश्मि बिश्नोई ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
प्राचार्य प्रो० रश्मि बिश्नोई ने छात्राओं को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक विकास, अनुशासन और टीम भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

क्रीड़ा समारोह के प्रथम दिवस पर इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता में 8 छात्राओं ने भाग लिया, जबकि कैरम प्रतियोगिता में 22 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शतरंज प्रतियोगिता में जाह्नवी विश्वकर्मा (बीए सेमेस्टर-4) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छवि शुक्ला (बीए सेमेस्टर-4) द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं कैरम प्रतियोगिता में मुस्कान पांडेय (बीए सेमेस्टर-4) ने प्रथम स्थान हासिल किया। तुषा पांडेय (बीए सेमेस्टर-4) द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि छवि शुक्ला (बीए सेमेस्टर-4) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो० संजय बरनवाल, डॉ. माला पाठक, डॉ. तमन्ना, डॉ. श्रद्धा द्विवेदी एवं ले० प्रतिमा शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal