Wednesday , March 25 2026

शिविर में स्वच्छता कर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को मिला चश्मा

 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नगर निगम के त्रिलोक नाथ सभागार में बुधवार को स्वच्छता कर्मियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) व एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से ‘स्वच्छ उदय’ कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में 241 सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण व कैंसर स्क्रीनिंग की गयी।

शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, आँखों, दांतों आदि की जाँच की गयी। जांच के बाद 96 सफाई कर्मियों को चश्मे प्रदान किए गए। लक्षणों के आधार पर टीबी की जाँच के लिए सैम्पल लिए गए। त्वचा एवं अन्य रोगों के लक्षणों के आधार पर दवाएं भी प्रदान की गयीं। शिविर का उद्घाटन अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एन. सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने किया।

इस मौके पर डॉ. अरविन्द कुमार राव ने जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की शीघ्र जाँच और उपचार की आवश्यकता पर बल दिया ताकि सफाई कर्मचारी स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकें। सफ़ाई व्यवस्था बनाए रखने, पर्यावरण को साफ़-सुथरा रखने और हर किसी को स्वस्थ रखने में सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना भी की। उन्होंने विभिन्न हितधारकों को संगठित कर शिविर आयोजित करने में पीएसआई इंडिया की टीम के प्रयासों की सराहना की।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का स्वस्थ रहना बहुत ज़रूरी है, स्वास्थ्य विभाग उनके लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने में हरसंभव मदद को तैयार है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि लखनऊ नगर निगम पीएसआई इंडिया के साथ मिलकर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रहा है। 

पीएसआई इंडिया से दिनेश कुमार पाण्डेय ने एचसीएल फाउंडेशन एवं लखनऊ नगर निगम के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पीएसआई इंडिया सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य में सुधार के लिए कार्य कर रही हैI उनकी सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का भी आयोजन कर रही है। इसके साथ ही पीएसआई इंडिया प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत सफाई मित्रों को जोड़ रही है।