लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोमती नगर स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में मंगलवार को नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए भव्य बाल अभिनंदन एवं फेलिसिटेशन समारोह का आयोजन विद्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने सभी का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि आशीष अग्रवाल (अध्यक्ष) एवं विशिष्ट अतिथि राजीव अग्रवाल (सचिव) रहे। जबकि उप-प्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक प्रेयर डांस ने पूरे वातावरण को भावमय बना दिया।

इस अवसर पर प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों को डिग्री, मेडल, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की उपलब्धियों पर सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम में यूकेजी छात्रों का ग्रेजुएशन समारोह, रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां और एक भावपूर्ण स्किट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। स्किट के माध्यम से बच्चों ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के प्रति आभार व्यक्त कर सभी को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि आशीष अग्रवाल ने अभिभावकों को बच्चों की रुचि के अनुरूप मार्गदर्शन देने की प्रेरणा दी। वहीं विशिष्ट अतिथि राजीव अग्रवाल ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में रीता मित्तल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। उप-प्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर बल दिया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण और करतल ध्वनि के साथ हुआ।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal